राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया वार्षिकोत्सव
सितारगंज। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा के अद्भुत संगम का साक्षी बना पी०एम०श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जहां वार्षिकोत्सव कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी ऊधम सिंह नगर हरेन्द्र कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना पाठक द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित रंगोत्सव कार्यक्रम, पुरातन छात्रा समागम और प्रतिभा सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की, वहीं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
योगा डांस, सर्वधर्म सम्मान की प्रस्तुति, होली की उमंग से सराबोर होली डांस, जोहेअलवेला नृत्य, वैण्ड व लेजियम की ताल, ढोल जगीरा की गूंज, लोक परंपरा को दर्शाता जागर, कृष्ण नृत्य, भोजपुरी गीतों की मधुर धुन, गुजराती डांडिया की रंगीन छटा, बालिका शिक्षा पर प्रेरक प्रस्तुति, मीराबाई की भक्ति से ओतप्रोत नृत्य, नशामुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नाटक तथा राजस्थानी लोकनृत्य ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
समारोह में विद्यालय की पुरातन छात्राओं को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया, जिससे वर्तमान छात्राओं को भी प्रेरणा मिली।
साथ ही परिषदीय परीक्षा 2025 में प्रथम, द्वितीय व तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा कक्षा 6 से 12 तक गृह परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड, योगा एवं खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कौशलम विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी तथा विद्यालय की दीवार पत्रिका का भव्य अनावरण भी किया गया। जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा। समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी और छात्राओं ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य अर्चना पाठक, मीनाक्षी कैथीया, इंदिरा पाण्डे, प्रभा, मधु जिमिवाल, रेहाना,बृजेश्वरी राणा, सुमनलता, कविता अधिकारी, शोभराज, कविता जीना बिष्ट आदि शिक्षिकाओं सहित अभिभावक व गणमान्य लोग उपस्थित थे
