Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

शादी समारोह में नॉनवेज खाने से फूड पॉइजनिंग, 50 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी; अस्पताल में भर्ती

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित मोहल्ला लालापुर में शनिवार को आयोजित एक निकाह समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई. देखते ही देखते करीब 45 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए. सभी बीमारों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है.

जानकारी के अनुसार, लालापुर निवासी मोहम्मद मुहीद की पुत्री सलमा का निकाह समारोह आयोजित था, जिसमें निन्दूरा ब्लॉक के खिंझना गांव से बारात आई हुई थी. दोपहर करीब दो बजे बारातियों और अन्य मेहमानों ने सामूहिक रूप से भोजन किया.

भोजन करने के बाद लोग बीमार

शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन भोजन करने के एक से दो घंटे बाद ही कई लोगों को अचानक उल्टी, पेट दर्द, दस्त और चक्कर आने जैसी शिकायतें होने लगीं. शाम होते-होते स्थिति और गंभीर हो गई. एक-एक कर लोग बीमार पड़ने लगे, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और स्थानीय लोग तत्काल बीमारों को लेकर सीएचसी देवा पहुंचे.

रात करीब नौ बजे तक मोहम्मद शरिक, मोहम्मद सफात, सान वारिश, जिया, फाहरुन निशा, मो. अनीश, रफिया, मो. जावेद, रहमा, मो. इरफान, जब्बार और असमीन रजा सहित लगभग 30 से अधिक लोग अस्पताल पहुंच चुके थे, जबकि अन्य लोगों का भी इलाज कराया गया.

मरीजों को समय पर दिया प्राथमिक उपचार

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को समय पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिससे उनकी हालत अब स्थिर है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है. डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है.

सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया. क्षेत्राधिकारी (सीओ) संगम कुमार और कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना. वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अवधेश कुमार और तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.

खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भोजन में इस्तेमाल किया गया खोया खराब होने के कारण फूड प्वाइजनिंग की घटना हुई. हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं.

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समारोह में भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp