Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: अधूरे प्रोजेक्ट को चरणबद्ध पूरा कर बायर्स के सपने हुए सच

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली के वोरोना हाइट प्रोजेक्ट में घर खरीदारों के लंबे इंतजार को आखिरकार अब खुशियों की शुरुआत मिल गई है। इस प्रोजेक्ट में फंसे करीब 5000 बायर्स के लिए यह खबर किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।

इस मौके पर प्रोजेक्ट परिसर में पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें एओए की मौजूदगी में 11 बायर्स को उनके घर की चाबियां सौंपी गईं।

15 साल का लंबा इंतजार

वोरोना हाइट के फ्लैट खरीदार 15 साल से अपने घरों का इंतजार कर रहे थे। कई लोगों ने 2013-14 में फ्लैट बुक किए थे, लेकिन बिल्डर की आर्थिक स्थिति और प्रोजेक्ट की अटकन के कारण उनका सपना अधूरा रह गया। इस दौरान खरीदारों को किराए के घरों में रहना पड़ा और ईएमआई का बोझ उठाना पड़ा। पजेशन मिलने से उनके चेहरे पर खुशियों की झलक साफ दिखाई दी।

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से मिली नई दिशा

प्रोजेक्ट की स्थिति तब बदली जब सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद एनबीसीसी को अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। 2019 में जब कोर्ट रिसीवर की निगरानी में एनबीसीसी ने साइट का सर्वे किया, तब केवल कुछ अधूरे टावर ही जमीन पर नजर आ रहे थे। इसके बाद निर्माण कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया गया।

3500 फ्लैट्स के लिए एनओसी जारी

अब करीब 3500 फ्लैट खरीदारों को पजेशन के लिए एनओसी जारी हो रही है। बाकी लगभग 1500 फ्लैट्स की फिनिशिंग का काम चल रहा है और अगले तीन महीनों में यह पूरा कर लिया जाएगा। एनबीसीसी अधिकारियों के अनुसार, ये फ्लैट्स जून तक कोर्ट रिसीवर को सौंप दिए जाएंगे।

चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा प्रोजेक्ट

एनबीसीसी के अधिकारियों का कहना है कि आम्रपाली के सभी अधूरे प्रोजेक्टों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। साइट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके और बायर्स को देर न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp