नवादा गांव में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, 25 लोगों पर केस, 11 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली अंतर्गत नवादा गांव में रास्ते में खड़ी कार को लेकर दो पक्ष के महिला और पुरुषों में जमकर मारपीट हुई। सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो को स्वत: संज्ञान लेकर पुलिस ने दोनों पक्ष के 25 आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर 11 को गिरफ्तार किया है। जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं।
क्षेत्र के नवादा गांव निवासी सुमित का आरोप है कि 11 मार्च की शाम पिता और बड़े भाई के साथ गांव के रास्ते से कार से घर लौट रहे थे। गांव के पास सड़क किनारे फार्च्यूनर कार रास्ते में खड़ी होने से आगे निकलने में दिक्कत हो रही थी। मौजूद लोगों से कार साइड में करने को तो गाली-गलौज शुरू कर दी।
महिला और बच्चों से अभद्रता की बात से इनकार
विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर दी। वह किसी तरह अपने घर पहुंचे। इसी बीच पीछे से पहुंचे आरोपितों ने घर में घुसकर भी घेर कर लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क पर दो कार खड़ी हैं। आसपास मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो रही है।
पुलिस बीच बचाव करती दिख रही है। एक अन्य वीडियो में कुछ लोग घर से लाठी डंडा लेकर निकलते हैं। आरोप है कि यह पक्ष घर में घुसकर महिलाओं और बच्चे के साथ अभद्रता और मारपीट के बाद भड़क गया था। पुलिस ने महिला और बच्चों से अभद्रता की बात से इनकार किया है।
प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्ष में विवाद हुआ है। वीडियो पुलिस ने स्वत: संज्ञान में लेकर दोनों पक्ष से 13 नामजद व 12 अज्ञात समेत 25 आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मारपीट करने वाले 11 आरोपित दीपक, गौरव, टीटू, नितिन, अरविंद, प्रिंस, सुमित, देवीराम, जगत, हरि व सचिन को गिरफ्तार किया गया है। वहीं संजय समेत अन्य आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
