Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

ग्रेटर नोएडा में 270 करोड़ का पानी बिल बकाया, 31 मार्च के बाद बढ़ेगा ब्याज

ग्रेटर नोएडा। पानी बिल का बकाया भुगतान करने वालों के लिए 31 मार्च तक का समय है। इसके बाद प्राधिकरण पूरे साल के ब्याज के साथ बिल की वसूली करेगा। बकाया भुगतान न करने वालों के एक अप्रैल से कनेक्शन भी काटे जा सकते हैं। इससे लोगों की जलापूर्ति ठप हो जाएगी। उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।

एक अप्रैल से बकाया रकम पर आगामी वित्तीय वर्ष 2026-2027 का ब्याज भी जुड़ जाएगा। इससे शहरवासियों पर अधिक आर्थिक बोझ पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा में 51 हजार से अधिक पानी के कनेक्शन हैं, जिनमें से 29 हजार से अधिक कनेक्शन धारकों पर लगभग 270 करोड़ रुपये बकाया है। सबसे अधिक बकाया बिल्डर सोसायटियों पर है। करीब 92 बिल्डर सोसायटियों पर लगभग 150 करोड़ रुपये बकाया है।

इसके अतिरिक्त 28 हजार से अधिक आवासीय संपत्ति, आइटी केे छह, संस्थागत के 321, इंडस्ट्री के 763 व 20 आवासीय समितियां और 21 कामर्शियल संपत्ति के आवंटियों पर पानी का बिल बकाया है। प्राधिकरण की तरफ से नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया जमा नहीं कराया जा रहा है। निवासियों को परेशानी को देखते हुए प्राधिकरण के जल विभाग ने अब तक कनेक्शन नहीं काटा, लेकिन अब प्राधिकरण सख्ती रुख अपनाने की तैयारी में है।

31 मार्च तक बकाया बिल जमा न करने पर उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। प्राधिकरण ने बकाया बिल प्राप्त करने और धनराशि जमा करने की सुविधा अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई हुई है । जिन आवंटियों के केवाईसी अपडेट हैं, उन आवंटियों को जल शुल्क धनराशि की सूचना मैसेज व ईमेल के माध्यम से भी भेजी गई है।

इसके अलावा बकाया बिल या धनराशि जमा करने के संबंध में सूचना के लिए वरिष्ठ प्रबंधक जल का मोबाइल नंबर 9205691408 जारी किया गया है। एसीईओ सुमित यादव का कहना है कि जिस तरह जलापूर्ति की जिम्मदारी प्राधिकरण की है उसी तरह पानी के बिल जमा करने की जिम्मेदारी आवंटी की है।

इस धनराशि को प्राधिकरण जलापूर्ति नेटवर्क को और बेहतर बनाने पर खर्च करेगा। उन्होंने सभी बकाएदारों से 31 मार्च से पहले बकाया बिल जमा करने की अपील की है, ताकि प्राधिकरण के सख्ती करने पर आवंटियों व निवासियों को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp