Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

लखनऊ में विकास की नई उड़ान: ग्रीन कॉरिडोर और ब्रह्मोस प्रोजेक्ट से बदलेगी राजधानी की तस्वीर

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ वासियों को बधाई देते हुए कहा, लखनऊ अब वाकई ‘मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं’ का प्रतीक बन गया है। नए भारत के आधुनिक शहर की पहचान के रूप में यह तेजी से उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ग्रीन कॉरिडोर योजना 28 किलोमीटर लंबी है, जो राजधानी के विभिन्न हिस्सों को जोड़ते हुए यातायात को सुगम बनाएगी। राजधानी में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। पहले जिन मार्गों पर लोगों को 45 मिनट से एक घंटा लग जाता था, अब वही दूरी सिर्फ 10 से 15 मिनट में तय हो सकेगी। इससे समय की बचत होगी और शहर में जाम की समस्या भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया, लखनऊ में बुनियादी ढांचे के साथ अन्य क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। भूमि को कब्जामुक्त कराया जा रहा है और इस पर करोड़ों की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इससे शहर में नई सुविधाएं विकसित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल सरकार के समय भूतल परिवहन मंत्री राजनाथ सिंह ही थे जिन्होंने लखनऊ को शहीद पथ दिया था, बाद में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से किसान पथ का निर्माण कराया जिसने राजधानी के बाहरी रिंग रोड के रूप में लखनऊ को नई पहचान दी। आज ये मार्ग शहर के भविष्य के विस्तार और विकास का आधार बन रहे हैं।

यहां पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ल, जय देवी, अमरेश कुमार, सदस्य विधान परिषद डा. महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल व अन्य मौजूद रहे।

रक्षा उत्पादन और टेक्नोलॉजी का नया केंद्र बन रहा लखनऊ

मुख्यमंत्री ने कहा, लखनऊ केवल इंफ्रास्ट्रक्चर में ही नहीं, बल्कि एमर्जिंग टेक्नोलाजी और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रयासों से लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना स्थापित हुई है, जहां प्रदेश के युवा इंजीनियर और तकनीकी विशेषज्ञ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया, एकेटीयू, इंजीनियरिंग कालेज, पालिटेक्निक और आइटीआइ से पढ़े युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार लखनऊ को स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है। इससे राजधानी और आसपास के क्षेत्रों का समग्र विकास तेजी से होगा।

झूलेलाल वाटिका में था अवैध कब्जा

मुख्यमंत्री ने कहा, कार्यक्रम का आयोजन झूलेलाल वाटिका में हो रहा है। कभी इस स्थान पर अवैध कब्जा हो गया था, जिसे हटाकर इसे फिर से सार्वजनिक उपयोग के लिए विकसित किया गया। यह भी याद दिलाया कि इस स्थान पर कभी भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच भी आयोजित हुए थे।

यूपी बन रहा देश का ग्रोथ इंजन

मुख्यमंत्री ने कहा, गल्फ में युद्ध छिड़ा हुआ है। वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियां हैं, लेकिन मजबूत नेतृत्व के कारण भारत तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश भी इस विकास यात्रा में पीछे नहीं रहेगा और देश के “ग्रोथ इंजन” के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया, लखनऊ को कनेक्टिविटी, निवेश, टेक्नोलाजी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

निर्माण कर्मियों का किया सम्मान

समतामूलक पर ग्रीन कॉरिडोर का फीता काटने के बाद रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री मनकामनेश्वर मंदिर के पास पहुंचे और निर्माण कार्य में लगे कर्मियों पर पुष्प वर्षा की और उन्हें पुरस्कृत भी किया। उनके साथ ग्रुप फोटोशूट भी कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp