Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

यूपी में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता का कोई संकट नहीं है। आपूर्ति और वितरण, दोनों सामान्य हैं। उन्होंने खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपूर्ति शृंखला को लेकर लोगों को कोई असुविधा न होने दी जाए और किसी तरह के कृत्रिम संकट की स्थिति न बने। उन्होंने जमाखोरी और कालाबाजारी पर कठोर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बीच प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की मंगलवार को समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। कोई कमी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों में किसी प्रकार की घबराहट की स्थिति न बनने पाए। अधिकारी फील्ड में उतर कर निरीक्षण करते रहें। जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

वहीं मुख्यमंत्री की बैठक से पहलेे खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों ने तेल कंपनियों के साथ बैठक कर मांग और आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद के अनुसार प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलिंडर की कोई किल्लत नहीं है। विभाग की ओर से पेट्रोल, डीजल के साथ गैस सिलिंडर के वितरण की निगरानी की जाएगी। गैस एजेंसियों पर नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp