Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

तेजस्वी भी कल करेंगे समीक्षा बैठक, NDA में विधायक दल का नेता चुनने को लेकर बैठकें जारी

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ गए हैं। यहां एक तरफ एनडीए को बहुमत मिला है, तो वहीं दूसरी तरफ महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा है। बहुमत मिलने के बाद एनडीए के घटक दलों के द्वारा विधायक दल का नेता चुनने की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए लगातार बैठकें की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ राजद नेता तेजस्वी यादव कल हार की समीक्षा करने के लिए अपनी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

NDA के अलग-अलग दलों की बैठक जारी

सूत्रों के अनुसार बीजेपी ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को आज रविवार तक अपने क्षेत्र में वोटरों के प्रति आभार प्रकट करने, उन्हें धन्यवाद देने को कहा है। इसके बाद 17 और 18 नवंबर को सभी विधायक पटना पहुंचेंगे और उसके बाद विधायक दल की बैठक होगी। हालांकि लोजपा (रामविलास) ने कल नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में गोविंदगंज से चुनाव जीते पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को विधायक दल का नेता चुन लिया है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायकों की भी कल बैठक हुई, जिसमें उपेंद्र कुशवाहा को नेता चुनने के लिए अधिकृत किया गया है।

गवर्नर को सौंपी जाएगी विधायकों की लिस्ट

सूत्रों के अनुसार 18 और 19 नवंबर को एनडीए के घटक दलों के विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। सभी दल के विधायक दल की अलग-अलग बैठक के बाद एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय किया जाएगा। माना जा रहा है कि एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार नई सरकार के गठन का दावा पेश करेंगे। वहीं चुनाव आयोग की तरफ से आज नवनिर्वाचित विधायकों की लिस्ट गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान को सौंपी जा सकती है।

तेजस्वी कल करेंगे समीक्षा बैठक

सूत्रों के अनुसार दूसरी तरफ तेजस्वी यादव कल समीक्षा बैठक करेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद तेजस्वी यादव कल अपने सरकारी आवास पर पार्टी को मिली हार की समीक्षा करेंगे। इस दौरान चुनाव में हारे हुए सभी उम्मीदवारों को तेजस्वी यादव बुलाकर उनसे मुलाकात करेंगे। परिवार में हो रही अंतर्कलह के बीच कल तेजस्वी यादव अपनी पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे। कल सुबह 11 बजे एक पोलो रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर तेजस्वी बैठक करेंगे।

NEWS SOURCE Credit :indiatv

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp