जानें क्या बोले, खेसारी लाल यादव ने NDA के नेताओं पर साधा निशाना, ‘मुझे यदुमुल्ला बने रहने में कोई दिक्कत नहीं’
पटना: छपरा विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार और भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। एनडीए के नेताओं के द्वारा खेसारी लाल यादव पर लगातार चल रही टिप्पणी के बीच अब खेसारी ने भी खुल कर जवाब दिया है। खेसारी लाल यादव ने यदुमुल्ला वाले बयान पर कहा है कि अगर बेहतर बिहार के लिए बोलने पर मुझे यदुमुल्ला कहा जाता है तो मुझे यदुमुल्ला बने रहने में कोई दिक्कत नहीं है। इसके साथ ही खेसारी लाल यादव ने बिना नाम लिए दिनेश लाल यादव, पवन सिंह, मनोज तिवारी और रवि किशन पर भी निशाना साधा।
यदुमुल्ला बने रहने में कोई दिक्कत नहीं’
खेसारी लाल यादव ने कहा, “पहले चरण में हमें 100 में से 100 मिलेंगे। कोई और नहीं है। खेसारी के आने के बाद सरकार बदल जाएगी। मैं तेजस्वी का छोटा भाई हूं, और हमें हमेशा उनका प्यार और आशीर्वाद मिला है।” NDA नेताओं के बयानों पर खेसारी ने कहा, “मैं उन सभी (एनडीए नेताओं) को चार दिनों के अंदर पागल कर दूंगा। मैं उन सभी को पागल घोषित कर दूंगा।” वहीं यदुमुल्ला वाले बयान पर खेसारी ने कहा, “अगर मैं बेहतर बिहार के लिए बोलता हूं, तो मुझे ‘यदुमुल्ला’ कहा जाता है, मुझे ‘यदुमुल्ला’ बने रहने में कोई दिक्कत नहीं है। अगर मैं शिक्षा और पलायन रोकने की बात करता हूं, और वे मुझे ‘याद-मुल्ला’ कहते हैं, तो मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं है।”
‘तेज प्रताप को जवाब देना सही नहीं’
खेसारी लाल यादव ने एक अन्य बयान में जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के बयान पर कहा, “वो मेरे बड़े भाई हैं। मेरे लिए उन्हें जवाब देना जरूरी नहीं है।” उन्होंने कहा, “मैं एक गरीब का बेटा हूं। मेरे पास ग्रेजुएशन करने के साधन नहीं थे। मैं गरीब पैदा हुआ था, वे (NDA नेता) अपनी भाषा पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मैं रोज़गार की बात कर रहा हूं। वे धर्म की बात कर रहे हैं।”
‘वो धर्म के नाम पर वोट लेना चाहते हैं’
खेसारी लाल ने कहा, “मैं अभी जय श्री राम कह रहा हूं, लेकिन वे धर्म के नाम पर वोट लेना चाहते हैं। मैं कभी धर्म के खिलाफ नहीं रहा। मैंने राम के गीत गाए हैं। धर्म जरूरी है लेकिन शिक्षा भी ज़रूरी है, अस्पताल भी ज़रूरी हैं।” खेसारी लाल यादव ने आगे कहा, “अगर NDA के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ये घोषणा कर दें कि कल से यहां कारखाने का शिलान्यास होगा, बेहतर कॉलेज बनेंगे, मैं वादा करता हूं कि मैं जीवन में कभी चुनाव नहीं लड़ूंगा, ना शपथ लूंगा, ना ही कोई प्रमाण पत्र लूंगा।”
