Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

पवन सिंह पर भी साधा निशाना, रोहतास में खेसारी लाल यादव बोले– ‘सरकार बदलिए ताकि रोजी-रोजगार मिले’

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में खेसारी लाल यादव अपनी पार्टी के अन्य उम्मीदवारों के लिए भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। शुक्रवार को वह रोहतास जिले के दिनारा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। भोजपुरी सिंगर और छपरा से राजद प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने दिनारा विधानसभा क्षेत्र के पिथनी हाई स्कूल मैदान में राजद प्रत्याशी राजेश यादव के समर्थन में जनसभा की।

जनसभा में खेसारी लाल यादव को देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उनके चाहने वालों की दीवानगी इस कदर थी कि कई युवा स्कूल की छत पर चढ़कर खेसारी लाल यादव की एक झलक पाने की कोशिश कर रहे थे।

सरकार बदलना जरूरी- खेसारी

मंच से जनता को संबोधित करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा, “सरकार बदलना जरूरी है, ताकि रोजी-रोजगार के अवसर बनें। मां से आशीर्वाद लेकर रोज काम की तलाश में बाहर जाते हैं, फिर आकर इस मां के आंचल में सोते हैं। अब बिहार में ऐसा माहौल बने कि हमारे बच्चे यहीं रोजगार पा सकें। लोग मुझे सनातन विरोधी कहते हैं, पर मैं कहता हूं जितना मंदिर बनाना है बनाइए। लेकिन सोचिए, आपने शादी क्यों की? मंदिर में ही घंटा बजाते रहते, शादी करके खूब मजे ले रहे हैं। इसलिए जात-धर्म से ऊपर उठकर बिहार को बदलना होगा।”

वन सिंह पर साधा निशाना

खेसारी लाल यादव ने इस दौरान भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पवन भैया ने मेरी बीवी को लेकर मीडिया में जो कहा, वो सबको पता है। यही पवन भैया थे जिनके लिए लोकसभा चुनाव में मैंने जान लगाकर प्रचार किया था, यहां तक कि मेरे पिताजी ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया था। लेकिन उन्हीं पवन भैया ने छपरा में जाकर मेरे खिलाफ प्रचार किया। यही फर्क है मेरे और उनके बीच।”

पहले चरण में महागठबंधन ने 100 सीटें जीती

सभा के दौरान खेसारी लाल यादव ने जनता से सवाल करते हुए कहा, “बिहार बदलेंगे ना? ताकि आपके बच्चे सवाल न पूछें कि जब बिहार बदल रहा था तब आपने गलत को क्यों चुना?” कार्यक्रम के अंत में खेसारी लाल यादव ने दावा किया, “पहले चरण के मतदान में महागठबंधन ने 100 सीटें जीत ली हैं। हम लोग यह चुनाव जीतने जा रहे हैं, बिहार में बदलाव तय है।” भीड़ के जोश और नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। खेसारी लाल यादव के जाने के बाद भी उनके समर्थक देर तक “खेसारी लाल यादव जिंदाबाद” के नारे लगाते रहे।

NEWS SOURCE Credit :indiatv

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp