Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

मीरा रोड स्थित घर में अवैध निर्माण पर नगरपालिका ने दिया नोटिस, खेसारी लाल यादव छपरा से लौटकर मुंबई जाएंगे?

मुंबई: बिहार विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए इस बार कई प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता भी राजनीति में उतरे हैं। उन्हीं में से एक खेसारीलाल यादव हैं, जो छपरा विधानसभा क्षेत्र से राजद के उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। लेकिन अब उनके मुंबई स्थित घर को महानगरपालिका का नोटिस मिला है। यह नोटिस अवैध निर्माण को लेकर है।

खेसारी ने किया अवैध निर्माण?

खेसारी लाल यादव इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव के लिए काफी व्यस्त हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने उन्हें छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। खेसारी लाल की सभाओं में जनसैलाब उमड़ रहा है। बड़े पैमाने पर लोग उन्हें देखने के लिए जुट जाते हैं। लेकिन जहां खेसारी लाल यादव चुनाव प्रचार में दिन रात एक किए हुए हैं वहीं उनके लिए एक नई मुसीबत है  मीरा रोड-भयंदर महानगरपालिका का नोटिस। यह नोटिस मुंबई के मीरा रोड स्थित घर में हुए अवैध निर्माण को लेकर है।

एंगल और शेड हटा लें, अन्यथा होगी कार्रवाई

मीरा रोड स्थित घर में उन्होंने अवैध तरीके से लोहे का एंगल और पत्राशेड लगा रखा है। महानगरपालिका ने इस निर्माण को अवैध बताते हुए खेसारी लाल यादव को नोटिस भेजा है। इस नोटिस में घर पर लगाए गए लोहे के एंगल और पत्राशेड को अवैध घोषित करते हुए तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा नगरपालिका के अतिक्रमण विभाग द्वारा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Notice

Image Source : MUNICIPAL CORPORATION
खेसारी लाल यादव को मिला नोटिस

 

बिहार में है खेसारी का पूरा परिवार

बताया जा रहा है कि वर्तमान में उनके घर पर ताला लगा हुआ है और पूरा परिवार चुनावी पृष्ठभूमि में बिहार गया हुआ है। ऐसे में मीरा रोड पर अतिक्रमण-विरोधी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि छपरा विधानसभा सीट पर खेसारी लाल यादव की टक्कर बीजेपी से है।  बीजेपी के टिकट पर यहां से छोटी कुमारी चुनाव लड़ रही हैं। यह सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ रही है लेकिन खेसारी की लोकप्रियता के कारण मुकाबला रोचक हो गया है। हालांकि, यहां चतुष्कोणीय लड़ाई चल रही है, जिसमें जनसुराज पार्टी से पूर्व आईपीएस जयप्रकाश सिंह और निर्दलीय (पूर्व मेयर राखी गुप्ता) भी मैदान में हैं।

NEWS SOURCE Credit :indiatv

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp