Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

कहा – ‘नोबेल पुरस्कार के लिए ये सब नहीं किया’, डोनाल्ड ट्रंप ने फिर लिया भारत-पाक युद्ध रुकवाने का श्रेय

Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल पुरस्कार से वंचित होने के बाद भी मायूस नहीं हुए हैं। उन्होंने दुनिया के कई युद्धों को खत्म कराने का श्रेय लिया है। ट्रंप ने एक बार फिर भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने का दावा किया है। रविवार रात उन्होंने कहा कि दुनिया के कई पुराने विवादों का समाधान ढूंढने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। वे अबतक सात युद्ध रुकवा चुके हैं, इनमें भारत और पाकिस्तान के बीच का विवाद भी शामिल है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह सब उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार पाने के लिए नहीं किया है। ट्रंप ने गाजा शांति वार्ता के लिए मिस्र जाते समय एयर फ़ोर्स वन पर एक प्रेस वार्ता के दौरान यह बात कही।

टैरिफ से युद्धों का कराया निपटारा

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैंने कुछ युद्धों का निपटारा सिर्फ़ टैरिफ़ के आधार पर किया है। उदाहरण के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच जब संघर्ष शुरू हुआ मैंने कहा, अगर आप लोग युद्ध लड़ना चाहते हैं और आपके पास परमाणु हथियार हैं तो मैं आप दोनों पर 100 प्रतिशत, 150 प्रतिशत और 200 प्रतिशत जैसे बड़े टैरिफ़ लगाऊंगा। मैंने कहा कि मैं टैरिफ़ लगा रहा हूं। मैंने 24 घंटे में उस मामले का निपटारा कर दिया। अगर मेरे पास टैरिफ़ नहीं होते, तो आप उस युद्ध का निपटारा कभी नहीं कर पाते।

मैंने अब तक सात शांति समझौते किए

डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले 9 अक्टूबर को फॉक्स न्यूज़ के साथ एक इंटरव्यू में भी इसी तरह की टिप्पणी की थी और संघर्ष के समाधान को अपनी टैरिफ रणनीति से जोड़ा था। इस सवाल का जवाब देते हुए कि उन्होंने युद्धरत देशों को बातचीत के लिए कैसे तैयार किया, ट्रंप ने कहा था, “टैरिफ लगाने की क्षमता होने से दुनिया में शांति आई है। आप जानते हैं कि मैंने सात शांति समझौते किए हैं।” उन्होंने कहा कि देश कई वर्षों से लड़ रहे हैं, इससे दोनों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि उनके व्यापार लाभ के इस्तेमाल से दुश्मनी खत्म करने में मदद मिली। ट्रंप ने कहा, “सभी मामलों में नहीं, लेकिन अब तक हमने जो सात (शांति समझौते) किए हैं, उनमें से कम से कम पांच व्यापार के ज़रिए हुए हैं, यानी हम उन लोगों से समझौता नहीं करेंगे जो लड़ते हैं। ऐसे लोगों पर हम टैरिफ लगाएंगे।”

नोबेल शांति पुरस्कार जीतना उद्देश्य नहीं

ट्रंप ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य नोबेल शांति पुरस्कार जीतना नहीं था। उन्होंने कहा, “ऐसा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। कुछ लोग कहते हैं कि 2025 में भी कई महत्वपूर्ण काम हुए हैं, लेकिन मैंने यह नोबेल के लिए नहीं किया, इसे लोगों की जान बचाने के लिए किया। बता दें कि भारत ने लगातार यह स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन सिंदूर और इसके बाद की सीजफायर में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं थी।

इजरायल-हमास युद्ध खत्म हो गया

गाजा में शांति वार्ता को लेकर ट्रंप ने कहा, “यह एक बहुत ही खास समय होगा। हर कोई इस पल को लेकर उत्साहित है। ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वे आश्वस्त हैं कि इजरायल और हमास के बीच संघर्ष समाप्त हो गया है, तो उन्होंने कहा, “युद्ध खत्म हो गया है.” उन्होंने आगे कहा, “यह एक खास आयोजन है। आमतौर पर, अगर किसी एक पक्ष को खुशी होती है तो दूसरा खुश नहीं होता। यह पहली बार है कि हर कोई हैरान और रोमांचित है और इसमें शामिल होना सम्मान की बात है। हम अद्भुत समय बिताने वाले हैं और यह ऐसा पल होगा जो पहले कभी नहीं हुआ।” डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हर कोई खुश है, चाहे वह यहूदी हों या मुसलमान या अरब देश।

NEWS SOURCE Credit :indiatv

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp