BJP नेता का सपा कार्यकर्ताओं पर बड़ा आरोप, दर्ज कराई FIR, ‘अखिलेश यादव से भी जान का खतरा’
Lucknow News: लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के नगर महामंत्री अमित त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हजरतगंज थाने में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सपा कार्यकर्ताओं ने उनके लगाए गए व्यंगात्मक पोस्टर फाड़ दिए, चौराहे पर हंगामा किया और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी उनके खिलाफ गालियां और धमकियां दी जा रही हैं।
क्या था मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, 1 जुलाई को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर अमित त्रिपाठी ने लखनऊ के कई चौराहों पर ऐसे पोस्टर लगाए थे, जिनमें जन्मदिन की बधाई देते हुए तंज कसा गया था। ये पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिससे सपा कार्यकर्ता नाराज हो गए। इसके बाद 1090 चौराहा पर सपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़ दिए और हजरतगंज चौराहे से नगर निगम ने पोस्टर हटा दिए।
धमकियों का आरोप
अमित त्रिपाठी ने अपनी शिकायत में कहा है कि सपा कार्यकर्ताओं ने ना सिर्फ पोस्टर फाड़े, बल्कि उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके अलावा उनके घर का पता लगाकर वहां सपा झंडों वाली संदिग्ध गाड़ियां भी देखी गई हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके खिलाफ गाली-गलौज और धमकियां जारी हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हजरतगंज थाने में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लखनऊ पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अमित त्रिपाठी ने यह भी दावा किया है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी उन्हें जान का खतरा है।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
