दिल्ली में CM रेखा गुप्ता का औचक निरीक्षण: कई अधिकारी अनुपस्थित, कड़ी फटकार
नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता संभालते समय करीब एक साल पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों का वर्क कल्चर बदलने की जो बात कही थी, दिल्ली बिक्री एवं कर विभाग (स्टेट जीएसटी) के अधिकारियों ने उसे हवा में उड़ा दिया है। सीएम ने बुधवार को जब इस विभाग के मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया तो वहां कई अधिकारी और कर्मचारी माैजूद नहीं थे। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही निर्देश जारी किए कि जो भी स्टाफ अनुपस्थित है, उन्हें तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
उन्होंने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की उपस्थिति का अपडेट मांगा और बायोमेट्रिक आधार पर पिछले एक महीने का रिकार्ड तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने संकेत दिए हैं कि कई अन्य विभागों के भी इसी तरह औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाह अधिकारियों काे बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कई वरिष्ठ अधिकारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन केवल निचले कर्मचारियों के लिए नहीं, बल्कि आयुक्त और विशेष आयुक्त स्तर तक हर अधिकारी पर समान रूप से लागू है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को बायोमेट्रिक सिस्टम का गंभीरता से पालन करने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान करदाताओं और आम नागरिकों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। जिसमें जनता ने विभाग में फैले भ्रष्टाचार और काम रोकने की प्रथा के बारे में उन्हें जानकारी दी है। लोगों ने बताया कि न ही अधिकारी और न ही निरीक्षक मिलते हैं, बगैर पैसे यहां काम नहीं होता है।
सीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए दो टूक कहा कि जनसेवा में देरी या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी और इसके लिए सीधे जिम्मेदारी तय की जाएगी। जन-शिकायत निवारण व्यवस्था पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की बैठकों के कारण नागरिकों के काम लंबित रहना अस्वीकार्य है। सभी लंबित मामलों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए, शिकायत निवारण प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाए तथा सेवाओं में किसी भी प्रकार की देरी के लिए संबंधित अधिकारी की स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दोहराया कि दिल्ली सरकार लापरवाही, अनियमितता व भ्रष्टाचार आदि किसी भी मामले जीरो टालरेंस नीति पर काम कर रही है। कार्यालय परिसर के निरीक्षण में मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर करने के भी निर्देश दिए।
